फतेहपुर सीकरी। फतेहपुर सीकरी कस्बे में शुक्रवार को उस समय सनसनी फैल गई जब सुबह शाही तालाब में एक युवक का शव मिला। वहीं दोपहर को एक युवती ने भी तालाब में छलांग लगाकर जान देने का प्रयास किया। सूचना पाकर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए युवती को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
सुबह 8 बजे करीब ग्वालियर गेट के पास शाही तालाब में स्थानीय लोगों ने एक युवक का शव उतराता देखा। पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से युवक के शव को तालाब से बाहर निकलवाया। मृतक की पहचान अमन पुत्र पप्पू (19 वर्ष) निवासी मोहल्ला बनी इसराइल के रूप में की गई। पुलिस ने शव का पंचनामा भरा, मगर परिजन ने पोस्टमार्टम नहीं कराया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया अमन ने कुछ दिन पूर्व भी दरगाह के पास स्थित शाही तालाब में कूदने की कोशिश की थी।
इधर, दोपहर 1 बजे करीब एक युवती ने भी शाही तालाब में छलांग लगा दी। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से युवती को तुरंत तालाब से बाहर निकलवाया। युवती की पहचान 21 वर्षीय ऊषा पुत्री दौलतराम निवासी कीली खाना, कस्बा के रूप में हुई। पुलिस ने उसे उपचार के लिए सीएचसी भेजा। फिलहाल युवती की हालत में सुधार बताया जा रहा है। पुलिस ने युवती के परिजन को घटना की सूचना दे दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मृतक अमन का फाइल फोटो