मैनपुरी। थाना एलाऊ क्षेत्र में गांव दिवलपुर के पास युवक का शव एक प्लॉट में बने पिलर पर फंदे से लटका मिला। मृतक की पहचान गांव चिरैयाहार किशनी निवासी युवक के रूप में हुई। वह करीब एक साल से अपने बहनोई के घर पर रह रहा था। बुधवार की रात को किसी समय घर से निकल गया था। मौत की वजह जानने के लिए स्थानीय पुलिस ने बृहस्पतिवार को शव का पोस्टमार्टम कराया। थाना किशनी क्षेत्र के गांव चिरैयाहार का रहने वाला 38 वर्षीय दिनेश कुमार थाना एलाऊ क्षेत्र के गांव दिवलपुर में बहनोई के घर में करीब एक साल से रह रहा था। बृहस्पतिवार की सुबह दिवलपुर के पास ग्रामीणों ने उसका शव एक प्लॉट में लगे पिलर पर फंदे से लटका देख पुलिस को सूचना दी। मौके पर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। पहचान होने के बाद पुलिस ने शव को फंदे से उतरवाने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। बहनोई जवाहर सिंह जाटव ने बताया कि मृतक उनका साला है और एक साल से उनके घर पर ही रह रहा था। वह अविवाहित था। बुधवार की शाम को वह गांव औंग में दावत खाने गया था। वापस आकर घर में सो गया था। रात में किसी समय वह घर से निकल गया और फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। पुलिस ने बताया कि मौत का सही कारण जानने के लिए पोस्टमार्टम कराया है। रिपोर्ट आने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।