मैनपुरी। किशनी की कुसमरा चौकी क्षेत्र के गांव पंचमपुर में रविवार सुबह एक युवक का शव पेड़ से लटका मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक के परिजनों ने बताया कि वह शनिवार शाम से लापता था।
पंचमपुर गांव का निवासी 27 वर्षीय केशव दो साल पहले अपनी पत्नी से तलाक के बाद अपनी एक साल की बेटी लाडो के साथ रह रहा था। रविवार सुबह उसका शव गांव के पास ही पेट्रोल पंप के सामने झाड़ियों में एक कंज के पेड़ से लटका हुआ मिला। ग्रामीणों की सूचना पर कुसमरा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। मृतक के पिता राम बहादुर ने पुलिस को बताया कि केशव शराब पीने का आदी था और शनिवार शाम से ही लापता था।
उन्होंने रात भर उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। पुलिस ने फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया, जिसने जांच कर नमूने एकत्र किए। इंस्पेक्टर किशनी ललित भाटी ने बताया कि मौत का कारण जानने के लिए शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी और पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।