अजीतगंज। थाना क्षेत्र में सोमवार की रात नखतपुर से दयारामपुर जाने वाले मार्ग पर बाइक फिसल कर गड्ढे में जा गिरी। हादसे में बाइक सवार बेवर निवासी युवक की मौके पर ही मौत हो गई। युवक अपनी बहन के घर जा रहा था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
बेवर थाना क्षेत्र के गांव कौसा निवासी 42 वर्षीय शैलेंद्र यादव सोमवार की रात करीब आठ बजे थाना एलाऊ क्षेत्र के गांव दयारामपुर हविलिया बहन के घर जा रहे थे। बाइक जब एलाऊ क्षेत्र में नखतपुर से दयारामपुर जाने वाले मार्ग पर पहुंची, तभी अचानक बाइक फिसल गई और गड्ढे में जा गिरी। शैलेंद्र भी हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए। इस बीच किसी राहगीर ने पुलिस को फोन कर हादसे की जानकारी दी। पुलिस जब मौके पर पहुंची, तब तक शैलेंद्र की मौत हो चुकी थी। मंगलवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। संवाद