कासगंज। जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में संपन्न हुई। इस बैठक की अध्यक्षता करते हुए सांसद देवेश शाक्य ने कहा कि सभी विभाग विकास कार्यों के अपने लक्ष्य को समय से पूरा करें एवं विभिन्न योजनाओं पर शासन की मंशा के अनुरूप समयबद्ध तरीके से क्रियान्वयन करें। उन्होंने कहा कि जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचे। इसमें किसी तरह की शिथिलता नहीं रहे। इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
सांसद देवेश शाक्य ने स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं की समीक्षा की। कहा कि स्वास्थ्य विभाग की सेवाओं का लाभ हर पीडि़त को मिले। उन्होंने मनरेगा योजना की समीक्षा करते हुए कहा कि ग्रामीण मजदूरों को काम दिया जाए, जिससे योजना का मकसद पूरा हो सके। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से सडक़ों की गड्ढा मुक्ति के बारे में पूछा। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता ने गड्ढा मुक्ति के बारे में जानकारी दी। इस पर सांसद ने गड्ढों में जा रही गिट्टी को लेकर सवाल खड़े किए और गड्ढा मुक्ति में जाने वाली गिट्टी मानक के अनुरूप प्रयोग करने को निर्देशित किया। बैठक में डीएम मेधा रूपम ने विभिन्न सरकारी योजनाओं के लक्ष्य और क्रियान्वयन के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। डीएम ने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति के कार्यों की हार्डकॉपी जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराएं। इस दौरान विधायक सदर देवेंद्र राजपूत, विधायक अमांपुर हरिओम वर्मा, विधायक पटियाली नादिरा सुल्तान, जिला पंचायत अध्यक्षा रतनेश कश्यप, एमएलसी अलीगढ़ मानवेंद्र सिंह, ब्लाॅक प्रमुख कासगंज यशवीर सिंह, जिला पंचायत प्रतिनिधि बॉबी कश्यप, मुख्य विकास अधिकारी सचिन, अपर जिलाधिकारी राकेश कुमार पटेल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।