आगरा के पास यमुना एक्सप्रेस-वे पर बड़ा हादसा टल गया। कानपुर के विधायक की गाड़ी को पीछे वाली गाड़ी ने टक्कर मार दी। इसमें विधायक बाल-बाल बच गए। पीछे वाली गाड़ी सवार को मामूली चोटें आईं हैं। विधायक दूसरी गाड़ी से कानपुर के लिए रवाना हो गए।
कानपुर के भोगनीपुर विधानसभा के विधायक विनोद कटियार फार्च्यूनर कार नंबर यूपी-16-बीयू-5500 में सवार होकर नोएडा से कानपुर आ रहे थे। वे दोपहर लगभग 3.30 बजे यमुना एक्सप्रेस-वे पर खंदौली टोल प्लाजा पहुंचे थे, तभी पीछे से इनोवा सवार ने टक्कर मार दी।
विधायक बाल-बाल बच गए। उनकी गाड़ी पीछे से क्षतिग्रस्त हो गई जबकि इनोवा सवार आकाश दीक्षित को चोट आईं। आकाश गाजियाबाद के नेहरू मार्ग के रहने वाले हैं। वह तीन लोगों के साथ मैनपुरी जा रहे थे।
दुर्घटना के बाद टोल कर्मी मौके पर पहुंच गए। पुलिस भी सूचना पर आ गई। विधायक की गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त होने की जानकारी मिलते ही लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। विधायक विनोद कटियार दूसरी गाड़ी से कानपुर के लिए रवाना हो गए। बताया जा रहा है कि किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस से शिकायत नहीं की गई है।