आगरा। बिझामई में प्रस्तावित डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर के बुनियादी ढांचे पर काम शुरू हो गया है। कॉरिडोर को लखनऊ एक्सप्रेस-वे से सीधे जोड़ने के लिए 100 फीट चौड़ा संपर्क मार्ग तैयार किया जाएगा। जिसकी अनुमानित लागत करीब तीन करोड़ रुपये होगी।
डिफेंस कॉरिडोर के लिए अब तक लगभग 112 हेक्टेयर भूमि खरीदी जा चुकी है। परियोजना के पूर्ण विकास और सुचारू कनेक्टिविटी में लगभग 8 हेक्टेयर भूमि का हिस्सा बाधा बना हुआ है। इस जमीन की सीधी खरीद न हो पाने के कारण अब प्रशासन ने अनिवार्य अधिग्रहण का रास्ता अपनाने का निर्णय लिया है। जिलाधिकारी अरविंद बंगारी का कहना है कि संपर्क मार्ग के निर्माण के लिए टेंडर की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और साइट पर प्रारंभिक कार्य भी शुरू हो चुका है। शेष भूमि के अधिग्रहण का प्रस्ताव शासन को भेजा जा रहा है ताकि परियोजना समय सीमा के भीतर पूरी हो सके।
ये होगा कॉरिडोर से फायदा
यह कॉरिडोर न केवल आगरा के औद्योगिक परिदृश्य को बदलेगा बल्कि ब्रह्मोस मिसाइल के कलपुर्जों से लेकर अन्य रक्षा उपकरणों के निर्माण के लिए निवेशकों को आकर्षित करेगा। लखनऊ एक्सप्रेस-वे से जुड़ाव होने के कारण लॉजिस्टिक्स की लागत में भारी कमी आएगी।