आगरा। ऑल इंडिया साहिबजादा बाबा जोरावर सिंह, बाबा फतेह सिंह स्मृति अंडर-19 प्राइजमनी हॉकी टूर्नामेंट एकलव्य स्टेडियम में 21 से 25 दिसंबर तक खेला जाएगा। आयोजकों का कहना है कि टूर्नामेंट में टीमों को अंतरराष्ट्रीय अनुभव देने के लिए आस्ट्रेलियाई कूकाबुरा गेंदें मंगाई गई हैं।
टूर्नामेंट में जूनियर इंडिया टीम, कैंप प्लेयर भी खेलने आगरा आ रहे हैं। आगरा हॉकी मास्टर्स और सुखजीवन स्पोर्ट्स अकादमी मिलकर टूर्नामेंट करा रहे हैं। आयोजन सचिव राजीव सोई ने बताया कि टूर्नामेंट में 21 से 23 दिसंबर तक प्रतिदिन चार मुकाबले खेले जाएंगे। 24 को सेमीफाइनल व 25 को फाइनल मुकाबला होगा।
टूर्नामेंट का उद्घाटन केंद्रीय राज्यमंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल करेंगे। अध्यक्षता गुरुद्वारा गुरु का ताल के संत बाबा प्रीतम सिंह करेंगे। इस दौरान गुरुद्वारे के जांबाज गतका का प्रदर्शन करेंगे। टूर्नामेंट के विजेता को 51 हजार, उपविजेता को 31 हजार व तीसरे स्थान वाली टीम को 11 हजार रुपये पुरस्कार राशि व ट्राॅफी दी जाएगी। इसके अलावा प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट, बेस्ट गोलकीपर, बेस्ट डिफेंडर, बेस्ट फारवर्ड को भी पुरस्कृत किया जाएगा। टूर्नामेंट में देशभर से 12 टीमें आएंगी। टीमों को अभ्यास के लिए 20 दिसंबर को भी हॉकी सिंथेटिक टर्फ की बुकिंग की गई है।
टूर्नामेंट के संयोजक अमिताभ गौतम ने बताया कि सेवन-ए-साइड फार्मेट में खेले जाने वाले टूर्नामेंट के लिए एक टीम में 10 खिलाड़ी होंगे। टूर्नामेंट हॉकी इंडिया के नियमों के हिसाब से खेला जाएगा। उन्होंने बताया कि ऑस्ट्रेलियाई कूकाबुरा गेंदें हॉकी में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सबसे प्रमुख और स्वीकृत गेंदें हैं, जिनका उपयोग 1956 से ओलंपिक और 1984 से विश्व कप में होता आ रहा है।