आगरा। शहर की हवा की गुणवत्ता प्रतिदिन और खराब होती जा रही है। बृहस्पतिवार को यमुनापार, तहसील रोड, ताजगंज, शहीदनगर, बाग फरजाना आदि क्षेत्रों का एक्यूआई दिल्ली से ज्यादा खराब स्थिति में पहुंच गया। फाउंड्रीनगर में रात 7:30 बजे एक्यूआई बुधवार से 14 अंक अधिक 492 रिकार्ड हुआ जो दिल्ली से 113 अंक अधिक था, सबसे कम एक्युआई शाहगंज क्षेत्र में 76 दर्ज हुआ। धुआं और धूल के कारण सांस फूलने लगी। बच्चों को घर जाते समय आंखों में जलन और खांसी की परेशानी हुई। पूर्व की तरह यूपीपीसीबी की वेबसाइट पर आगरा का माैसम गुलाबी ही नजर आ रहा था पर स्मार्ट सिटी के विभिन्न सेंसरों पर दर्ज हुए वायु प्रदू्षण के आंकड़ों ने सारी हकीकत बयान कर दी।
प्रदूषण के कारण लोगों को मुंह पर कपड़ा या मास्क लगाकर निकलना पड़ रहा है। कई स्थानों पर खुले में कूड़ा जलाया जा रहा और बिना ढके कूड़ा लेकर नगर निगम के वाहन हर क्षेत्र में देखे जा सकते हैं। धूल उड़ने से रोकने के लिए पानी का छिड़काव भी कागजों में हो रहा है।
स्मार्ट सिटी और यूपीपीसीबी के आंकड़ों में अंतर
यूपीपीसीबी के समीर एप पर आगरा का एक्यूआई 171 प्रदर्शित हो रहा था। इसमें रोहता में 215, शास्त्रीपुरम में 190, आवास विकास में 189, शाहजहां गार्डन पर 163, संजय प्लेस में 156 और मनोहरपुर में 119 एक्यूआई बताया गया। जबकि स्मार्ट सिटी के फाउंड्री नगर भाटिया पेट्रोल पंप पर 492, तहसील रोड पर 332, बागफरजाना में 327, शहीद नगर में 324, और नामनेर पर 302 दर्ज हुआ है। आंकड़ो में अंतर के बारे में यूपी प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी आशीष मिश्रा से बात करने का प्रयास किया गया पर संपर्क नहीं हो सका।