करहल। पैरार शाहपुर गांव में रसूखदारों ने घर के बाहर खड़े युवक पर लाठी डंडा से हमला कर घायल कर दिया। साथ ही पथराव कर पिकअप में तोड़फोड़ भी की गई। आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने के बाद आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पैरार शाहपुर गांव निवासी राजेंद्र सिंह बीते सात अगस्त की शाम अपने दरवाजे पर बैठा था। तभी गांव निवासी रसूखदार धर्मेंद्र अपनी पत्नी ममता, रजित कुमार, कपिल कुमार उसके दरवाजे पर पहुंचकर उसे गालियां देने लगे। बताया जाता है आरोपी नशे में धुत थे। पीड़ित ने जब गाली का विरोध किया तो आरोपी पथराव करने लगे। इस दौरान सभी मिलकर राजेंद्र को पीटने लगे। वह जान बचाने के लिए किसी तरह से भाग कर घर में घुसा, इस पर आरोपियों ने दरवाजे पर खड़ी उसकी पिकअप में तोडफ़ोड़ कर दी। ग्रामीणों को एकत्र होता देख आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। उक्त घटना में तहरीर मिलने के बाद बृहस्पतिवार को पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।