मार्क जुकरबर्ग की ग्लोबल टीम ने मंगलवार सुबह फतेहाबाद रोड स्थित शीरोज हैंगआउट कैफे में एसिड अटैक फाइटर महिलाओं से मुलाकात की। स्टाप एसिड अटैक अभियान के सदस्यों ने जुकरबर्ग के लिए एक स्मृति चिह्न टीम को दिया। इसमें फेसबुक को तमाम सामाजिक अभियानों में मदद देने के लिए शुक्रिया लिखा है। बता दें, कैफे की स्थापना ही फेसबुक दोस्तों से प्राप्त दान की मदद से हुई।
ग्लोबल टीम में शामिल फेसबुक इंडिया की मैनेजिंग डायरेक्टर कीर्थिगा रेड्डी कैफे में काम कर रहीं शीरोज की सदस्यों की कहानी सुनकर भावुक हो गईं। एसिड अटैक पीड़ित आगरा की नीतू और गीता की बहादुरी को फेसबुक टीम ने सलाम किया। नीतू ने टीम को ‘बेटे का सम्मान है लेकिन बेटी का कोई मान नहीं’ सुनाया। कीर्थिगा ने कहा कि ये जानकर खुशी हुई कि फेसबुक सामाजिक अभियानों में मदद कर पा रहा है। कहा, वह टीम के अन्य सदस्यों को मैसेज भेजकर सभी से शीरोज और उसके अभियानों में शामिल होने की अपील करेंगी। स्टाप एसिड अटैक के आलोक दीक्षित ने बताया कि शीरोज हैंगआउट को सोशल मीडिया खासकर फेसबुक पर अलग पहचान मिली है। सात लाख लोगों ने फेसबुक पर इसे लाइक किया है।