बेवर (मैनपुरी)। गांव सैदपुर स्थित एक जनरल स्टोर की दुकान पर पहुंचे ठग एक महिला को महज चार हजार कीमत का सामान थमा कर करीब 40 हजार कीमत के पशु ले गए। ठगी का पता लगने के बाद पीड़िता ने थाने में पहुंच कर तहरीर दी। पुलिस ठगों की तलाश कर रही है।
थाना क्षेत्र के गांव सैदपुर निवासी राजकुमारी गांव में ही जनरल स्टोर की दुकान किए हुए हैं। उन्होंने थाने में तहरीर दी कि 31 जुलाई को दुकान पर बैठी हुईं थीं। तभी दिन में करीब 12 बजे एक वैगनआर से आए तीन लोग उसकी दुकान पर आए। उन्होंने कहा कि वह जनरल स्टोर का सामान बेचने आए हैं। महिला ने कहा कि अभी उनके पास रुपये नहीं हैं। जब उनके चार बकरे बिक जाएंगे। तब वह दुकान के लिए सामान खरीदेंगी।
इस पर तीनों व्यक्तियों ने महिला को बातों में उलझा कर चार बकरों के एवज में दुकान का सामान देने पर राजी कर लिया। तीनों व्यक्तियों ने गाड़ी में रखे पैक गत्ते दुकान पर रखे दिए और चार बकरे गाड़ी में बैठा कर वहां से चले गए। वैगन आर सवारों के जाने के बाद महिला ने जब गत्ते खोल कर देखे तो होश उड़ गए। सामान करीब चार हजार कीमत का था। वहीं पीड़िता का कहना है कि उसके चार बकरों की कीमत करीब 40 हजार से अधिक होगी। महिला व परिवार के लोग घटना के दिन से ही ठगों की तलाश कर रहे हैं लेकिन कोई पता नहीं लगा तो शनिवार को थाने में तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज किए जाने की मांग की। तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।