वृंदावन (मथुरा)। गुलाबी ठंडक का अहसास होते ही श्रीबांकेबिहारी को इसके प्रभाव से बचाने के लिए उनका भोग प्रसाद बदल दिया गया है। अब ठाकुर जी को पंचमेवाओं का भोग लगाया जा रहा है। इसमें केशर का प्रयोग किया जा रहा है। इतना ही नहीं ठाकुर जी को पोशाक भी गर्म धारण कराई जा रही हैं।
सर्दी के मौसम की शुरूआत हो चुकी है। गुलाबी ठंडक का अहसास लोगों को होने लगा है। इसे देखते हुए श्रीबांकेबिहारी जी के लिए भी सर्दी से बचाव के प्रबंध सेवा पूजा में होने लगे हैं। मंदिर के सेवायत ठाकुर जी के लिए भोग और पोशाक में ठाकुर जी का खास ख्याल रख रहे हैं। मंदिर सेवायत शालू गोस्वामी बताते हैं कि इन दिनों ठाकुर जी के भोग पंचमेवा का लगाया जा रहा है। इसमें सूखे मेवा शामिल हैं। अन्य पदार्थ भी सर्दी को ध्यान रखते हुए ही दिए जा रहे हैं। दूध भी गर्म ही ठाकुर जी को दिया जा रहा है। इसमें भी केशर का उपयोग किया जा रहा है। पोशाक भी गर्म पहनाई जा रही है।