उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में हैवानियत की खौफनाक वारदात सामने आई है। मामला थाना सिकंदरा क्षेत्र के रुनकता के पास मांगरोल गुर्जर के जंगलों का है। सुबह-सुबह जब राहगीर यहां से गुजर रहे थे, तो उनकी नजर जंगल से रेंगकर बाहर निकलती हुई किशोरी पर पड़ी। खून से लथपथ किशोरी के हाथ-पैर काम नहीं कर रहे थे, उसके शरीर में जगह-जगह कांटे धंसे हुए थे। किशोरी की ये हालत देख लोग कांप गए। तत्काल ही मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने किशोरी को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। वहीं घटना की सूचना पर किशोरी के परिवार के लोग भी आ गए। उन्होंने पुलिस को बताया कि किशोरी होली खेलने के लिए मौसी के घर गई थी, उसके बाद से लापता थी।
कैसे पहुंची जंगल में?
किशोरी जंगल में कैसे पहुंची इस बारे में अभी कोई जानकारी नहीं मिल सकी है। प्राप्त सूचना के अनुसार किशोरी से जंगल में दुष्कर्म किया गया। किशोरी के गले पर और चेहरे पर चोट के निशान हैं। वह खून से लिपटी हुई मिली। उसके शरीर पर कांटे धंसे हुए थे। माना जा रहा है कि आरोपियों ने दुष्कर्म करने के बाद उसे जंगल में घसीटा, जिससे उसकी ऐसी हालत हुई।
ये भी पढ़ें - शर्मनाक: सिरदर्द की जगह नींद की गोली देकर पति को सुलाया, फिर रिटायर्ड फौजी ने पत्नी संग की हैवानियत
मरा जानकर छोड़ भागे आरोपी
इसके बाद उसका गला दबाकर मारने का प्रयास किया, जिससे वह बेहोश हो गई। आरोपी उसे मरा समझकर वहीं छोड़कर भाग गए। किसी तरह होश आने पर वह धीरे सड़क किनारे आ गई। वहां आकर राहगीरों से मदद मांगी। मौके पर पहुंचे परिजनों और पुलिस ने किशोरी को अस्पताल में भर्ती कराया है। बताया गया है कि 14 वर्षीय किशोरी गुरुवार को दोपहर अपने पड़ोस की मौसी के यहां होली खेलने गई थी, तभी वह घर से गायब हो गई थी। रिश्तेदारी और मौसी के यहां तलाश करने पर किशोरी देर शाम तक घर वापस नहीं मिली, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू कर दी, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग सका था।
चौकी प्रभारी कुंवर पाल सिंह ने बताया है कि लड़की की हालत ठीक नहीं है। अभी वह कुछ भी बताने में असमर्थ है। मगर पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। जल्द ही आरोपी पुलिस गिरफ्त में होंगे।