आगरा के थाना ताजगंज क्षेत्र स्थित पार्थसारथी अस्पताल में रविवार को इलाज के लिए भर्ती कराई गई पिनाहट की किशोरी की मौत हो गई। नाराज परिजन ने अस्पताल प्रशासन पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। बिल भी ज्यादा मांगने की बात कही। इसकी जानकारी पर पुलिस पहुंची। एक घंटे बाद दोनों पक्षों में समझाैता हो गया। मृतका के परिजन बिना शिकायत ही चले गए।
भदरौली, पिनाहट क्षेत्र के रामपुर बिठौली निवासी शिव सिंह किसान हैं। उनकी दो बेटियों में छोटी विनीता (17) ग्यारहवीं की छात्रा थी। उनके दो बेटे हैं। दामाद धीरज ने बताया कि कई दिन से विनीता को बुखार आ रहा था। कस्बे के ही चिकित्सक को दिखाया था मगर फायदा नहीं हुआ।
25 सितंबर की सुबह 10 बजे ताजनगरी स्थित पार्थसारथी अस्पताल लेकर आए थे। चिकित्सक ने दिमागी बुखार बताकर इलाज शुरू कर दिया। रविवार सुबह विनीता की माैत हो गई। उन्होंने आरोप लगाया कि अस्पताल ने 20 हजार रुपये मरीज भर्ती होने पर जमा कर लिए। माैत के बाद 20 हजार रुपये और मांगने लगे। आरोप लगाया कि इलाज में लापरवाही बरतने के कारण माैत हुई है। इससे नाराज होकर परिजन ने हंगामा शुरू कर दिया। अस्पताल प्रबंधन ने इलाज में किसी भी तरह की लापरवाही से इन्कार किया।
मरीज दिमागी बुखार से पीड़ित थी। गंभीर हालत में भर्ती कराई थी। रविवार सुबह माैत हो गई। परिजन बिल नहीं अदा कर रहे थे। 40 हजार का बिल था। पुलिस के आने पर 20 हजार रुपये जमा कर चले गए। इलाज में कोई लापरवाही नहीं बरती गई थी।
-अमित कुमार, प्रबंधक, पार्थसारथी हाॅस्पिटल
किशोरी की हालत गंभीर थी। इलाज के दाैरान माैत हो गई। परिजन बिल ज्यादा बनाने का आरोप लगा रहे थे। सूचना पर पुलिस पहुंची थी। बाद में बिल कम करने पर शव लेकर चले गए। उन्होंने कोई लिखित शिकायत नहीं दी है।
-यतेंद्र नागर, एसीपी, ताज सुरक्षा