भोगांव (मैनपुरी)। थाना क्षेत्र के गांव छाछा निवासी एक महिला को पति ने फोन करके तीन बार तलाक बोलकर रिश्ता खत्म कर लिया। शुक्रवार को भाई के साथ थाने पहुंची पीड़िता ने तहरीर दी। महिला ने पति और ससुरालीजनों पर उत्पीड़न और बच्चों को छीनने का भी आरोप लगाया है।
भोगांव थाना क्षेत्र के गांव छाछा निवासी राबिया का निकाह करीब नौ वर्ष पूर्व मकान नंबर बी-63, गली नंबर दो खड्डा कॉलोनी एक्सटेंशन पार्ट टू जैतपुर, बदरपुर दिल्ली निवासी सलमान के साथ हुई थी। राबिया का आरोप है कि पति शराब पीने का आदी है। शादी के कुछ समय बाद से पति सलमान, ससुर मोहम्मद इस्लाम, सास अफसाना बेगम और देवर दो लाख की मांग को लेकर प्रताड़ित करते रहते हैं। उसके एक बेटी सात वर्ष व चार वर्ष का बेटा है। 20 मई को ससुरालीजनों ने उसको बुरी तरह से पीटा। एक जून को भाई अमीनुद्दीन जब उसे लेने के लिए आया तो उक्त लोगों ने गाली गलौज करते हुए गाड़ी पर पथराव किया था।
इसके बाद वह भाई के साथ मायके आ गई थी। ससुरालीजनों ने बच्चों को छीन लिया था। 14 जून को पति सलमान ने उसे फोन किया और तीन तलाक बोलकर रिश्ता खत्म कर दिया। थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
महिला की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
पहुप सिंह, प्रभारी निरीक्षक