नगला चौबे निवासी आनंद कुमार और उसकी पत्नी मनु बुधवार दोपहर घर पर दरवाजा लगवा रहे थे। इसी दौरान आनंद की बहनों रेनू, ज्योति और भाई प्रिंस से उनकी कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई।
बड़ी बहन रेनू का आरोप है कि भाई आनंद और भाभी मनु ने डंडे से ज्योति को भी पीटना शुरू कर दिया। भाभी ने ज्योति के सिर पर प्रहार कर दिए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। इस झड़प में रेनू को भी चोटें आई हैं। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घायल ज्योति को सहावर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
दूसरी ओर, वारदात के बाद आरोपी भाई और भाभी खुद शिकायत दर्ज कराने सहावर कोतवाली पहुंचे, जिन्हें पुलिस ने वहीं रोक लिया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसपी ओम प्रकाश सिंह, एएसपी सुशील कुमार और सहावर सीओ शाहिदा नसरीन ने घटनास्थल का मुआयना किया और परिजन व पुलिसकर्मियों से पूछताछ की। एसपी ओम प्रकाश ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम लिए भेजा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल भाई-भाभी से पूछताछ की जा रही है।