पुरानी पेंशन योजना की बहाली, फीडर कैडर लागू करने और अनुदानित महाविद्यालयों के शिक्षकों की लंबित मांगें लेकर मंगलवार को आगरा कॉलेज के शिक्षकों ने काली पट्टी बांधकर प्रदर्शन किया। उत्तर प्रदेश विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय शिक्षक महासंघ (फुपुक्टा) के आह्वान पर शिक्षकों ने पूरे दिन काली पट्टी बांधकर शिक्षण कार्य किया।
दोपहर 12 बजे गंगाधर शास्त्री उद्यान में एकत्रित होकर नारेबाजी की। पूर्व औटा उपाध्यक्ष डॉ. दिग्विजय पाल सिंह ने फीडर कैडर व्यवस्था दोबारा लागू करने की मांग उठाई। प्रो. विक्रम सिंह ने पुरानी पेंशन योजना बहाल करने की बात कही। डॉ. सतीश निगम ने अनुदानित महाविद्यालयों के शिक्षकों की लंबित समस्याओं के समाधान पर जोर दिया।
स्टाफ क्लब सचिव डॉ. आनंद प्रताप सिंह ने कहा कि शिक्षक अपनी मांगों के लिए एकजुट हैं। फुपुक्टा के जोनल सचिव प्रो. शिवकुमार सिंह ने प्रदेश के शिक्षकों से 17, 18 और 19 नवंबर को लखनऊ पहुंचकर आंदोलन में शामिल होने की अपील की। प्रदर्शन में प्रो. विजय कुमार सिंह, प्रो. भूपेंद्र कुमार चिकारा, प्रो. विक्रम सिंह, प्रो. गौरव कौशिक, प्रो. केपी तिवारी, प्रो. संजीव शर्मा और प्रो. स्मिता चतुर्वेदी सहित अन्य शिक्षक मौजूद रहे।