24एमएनपी-16-करहल के प्राथमिक विद्यालय कमलपुर में निरीक्षण करने पहुंचे एसडीएम रतन वर्मा
- फोटो : MAINPURI
मैनपुरी। शीतलहर के चलते परिषदीय स्कूलों में हुए पांच दिन के अवकाश में शिक्षकों ने जमकर मौज की। छठवे दिन मंगलवार को अवकाश तो हुआ, लेकिन बच्चों का हुआ। डीएम ने साफ कर दिया कि शिक्षकों को विद्यालय पहुंचना होगा। पांच दिन की छुट्टी काटने के बाद भी शिक्षकों को डीएम का आदेश रास नहीं आया। एक-दो नहीं बल्कि पूरे 552 शिक्षक मंगलवार को अवकाश पर चले गए। वहीं उपस्थिति की जांच के लिए डीएम के निर्देश पर अफसरों ने जिलेभर के विद्यालयों में पहुंचकर निरीक्षण किया।
जिलाधिकारी महेंद्र बहादुर सिंह ने शिक्षकों के अवकाश का बीएसए कार्यालय स्थित कंट्रोल रूम में रिकार्ड तैयार कराया है। मंगलवार को जिले में शीतकालीन अवकाश घोषित करते हुए जिलाधिकारी ने शिक्षकों तथा कर्मचारियों को निर्देश दिए थे कि वह स्कूल पहुंचें और 10:30 बजे से तीन बजे तक विद्यालय के अन्य कार्य निपटाएं। इसी बीच जिलाधिकारी ने अफसरों को परिषदीय स्कूलों में निरीक्षण के निर्देश दे दिए।
निरीक्षण की खबर शिक्षकों से जुड़े व्हाट्सएप ग्रुप में वायरल होते ही ड्यूटी पर न जाने वाले शिक्षकों में हड़कंप मच गया। इसके बाद बीएसए कार्यालय स्थित कंट्रोल रूम और खंड शिक्षाधिकारियों के मोबाइलों की घंटियां बजने लगीं। प्रत्येक विकास खंड में बड़ी संख्या में शिक्षक अवकाश की जानकारी देने लगे। शाम तक जो रिपोर्ट उपलब्ध हुई उसके अनुसार एक ही दिन में मंगलवार को 552 शिक्षक अवकाश पर चले गए।
किस विकास खंड में कितने शिक्षक गए अवकाश पर
मैनपुरी-100
कुरावली-69
करहल-37
घिरोर-54
बेवर-13
किशनी-72
जागीर-62
सुल्तानगंज-80
बरनाहल-61
नगर क्षेत्र -04
वर्जन
दिसंबर का महीना है, अधिकतर शिक्षकों की छुट्टियां अवशेष हैं वो अपनी छुट्टियां ले रहे हैं। इसके साथ ही प्रधानाध्यापकों को निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी कीमत पर स्कूल बंद नहीं होना चाहिए। आपस में सामंजस्य बनाकर रखें।
विजय प्रताप सिंह, बीएसए