आगरा में घर जाने की जल्दी में शिक्षकों ने एक कुत्ते को क्लासरूम में बंद कर बाहर से ताला लगा दिया। ग्रामीणों ने देखा तो उसे बाहर निकालने के लिए शिक्षकों और अधिकारियों को फोन किया।
उत्तर प्रदेश के आगरा में पिनाहट ब्लॉक क्षेत्र के अंतर्गत गांव कुकथरी स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय में आवारा कुत्ता कमरे में बंद हो गया। स्कूल में बंद आवारा कुत्ता भूखा प्यासा चिल्ला रहा था, जिसे देखकर ग्रामीणों का दिल पसीज गया। उन्होंने उसे स्कूल से बाहर निकालने के लिए प्रयास किया।
विज्ञापन
स्कूल के कमरे में बाहर से ताला लगा हुआ था। इससे उसे कैसे बाहर निकालें इस पर बड़ा विचार चला। ग्रामीणों ने शिक्षकों की लापरवाही पर खासा आक्रोश जताया। इसके बाद स्कूल के कमरे में बंद कुत्ते को निकलवाने के लिए शिक्षकों और अधिकारियों को सूचना दी।
इसके बाद भी कुत्ते को बंद कमरे से बाहर नहीं निकाला गया। भूख-प्यास से चिल्ला रहे कुत्ते को ग्रामीणों द्वारा भोजन खिलाकर पानी की व्यवस्था की गई है। कुकथरी ग्राम प्रधान अशोक कुमार ने बताया शाम छह बजे कुत्ते को स्कूल के कमरे से निकाल दिया गया था।