शिक्षक करेंगे मूल्यांकन, प्रभावित रहेगी पढ़ाई
- फोटो : Logo
एक अप्रैल से शैक्षणिक सत्र शुरू जरूर हो रहा है, लेकिन यूपी बोर्ड के विद्यालयों में पढ़ाई पूरे माह पटरी पर नहीं आ पाएगी। 30 मार्च से मूल्यांकन कार्य शुरू होना है। 577 विद्यालयों को कापी जांचने के लिए लगाया गया है। मूल्यांकन की अवधि 15 दिन निर्धारित की गई है, शिक्षकों के मूल्यांकन बहिष्कार से इसमें देरी की आशंका है।
शैक्षणिक सत्र 2015-16 में यूपी बोर्ड के विद्यालयों में सत्र के समय में परिवर्तन किया गया है। एक जुलाई के बजाय एक अप्रैल से स्कूलों का संचालन किया गया। चीजें व्यवस्थित न होने से जुलाई माह तक प्रवेश प्रक्रिया चलती रही। इस बार भी पिछले सत्र जैसी ही स्थिति है। शिक्षकों के मूल्यांकन कार्य में लगे रहने पर स्कूलों में प्रवेश प्रक्रिया तो जारी की जा सकती है लेकिन पढ़ाई संभव नहीं होगी।
जिला विद्यालय निरीक्षक दिनेश कुमार यादव का कहना है कि पूरी कोशिश की जाएगी निर्धारित अवधि में मूल्यांकन कार्य पूरा हो जाए। अप्रैल से कक्षाएं नियमित हो सकें।
223 विद्यालयों ने प्राप्त की परीक्षकों की सूची
आगरा। 30 अप्रैल से मूल्यांकन कार्य शुरू होना है लेकिन अभी तक सिर्फ 223 विद्यालयों ने परीक्षकों की सूची प्राप्त की है। 577 विद्यालयों के परीक्षक मूल्यांकन में लगाए गए हैं। डीआईओएस का कहना है कि समय से ड्यूटी प्राप्त न करने वाले विद्यालयों के खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति की जाएगी।
एक और संघ करेगा बहिष्कार
आगरा। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ (चंदेल गुट) ने भी पुरानी पेंशन योजना का लाभ दिए जाने और अन्य मांगों के पूरा न होने पर मूल्यांकन बहिष्कार की घोषणा की है।