27 जून को लखनऊ कूच करेंगे शिक्षक और कर्मचारी
पुरानी पेंशन बहाली संयुक्त मोर्चा के घटक संघों ने मिलकर की बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। पुरानी पेंशन की लड़ाई को लेकर शिक्षकों ने फिर से हुंकार भरी है। रविवार को दीवानी रोड स्थित डाक बंगला सिंचाई विभाग में शिक्षक कर्मचारियों के विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों की संयुक्त बैठक हुई। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि जनपद से भारी संख्या में शिक्षक एवं कर्मचारी एक दर्जन बसों एवं निजी वाहनों से 27 जून को चारबाग लखनऊ कूच करेंगे।
बैठक में प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष राजीव यादव ने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव से पहले सरकार पर दबाव बनाकर पुरानी पेंशन को लागू कराया जा सकता है। समय निकल जाने पर यह सरकार एनपीएस के फायदे ही गिनाती रहेगी। डिप्लोमा इंजीनियर महासंघ के अध्यक्ष मानवेंद्र सिंह ने कहा कि पुरानी पेंशन कर्मचारियों और शिक्षकों का संवैधानिक अधिकार है यह कोई भीख नही है और इसे हम हर हालत में लेकर रहेंगे।
अध्यक्ष सिविल डिप्लोमा इंजीनियर संघ सिंचाई विभाग मुकेश चंद्र ने कहा कि शिक्षक और कर्मचारियों की एकजुटता और मेहनत से ही पुरानी पेंशन बहाल हो पाएगी। उन्होंने कहा शिक्षक एवं कर्मचारियों को आज तक जो भी मिला है वह संघर्षों के पश्चात ही मिला है। पुष्पेंद्र कुमार पीडब्ल्यूडी जिलाध्यक्ष ने कहा कि अब आश्वासनों का दौर नहीं चलेगा सरकार को ठोस निर्णय लेना ही होगा। प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला संरक्षक सत्यवीर सिंह ने कहा कि चरणबद्ध आंदोलन की रणनीति तैयार कर ली गई है अगर इस बार सरकार नहीं मानी तो किसान आंदोलन की तर्ज पर विधानसभा व लोकसभा का घेराव कर ओपीएस बहाली आंदोलन चलाया जाएगा। इस अवसर पर सुदीप पांडेय, अजय कुमार, विकास कुमार, पुष्पेंद्र सिंह कौशल गुप्ता मौजूद रहे।