मैनपुरी। दो महीने पहले नियुक्ति पाने के बाद बीएसए कार्यालय पर उपस्थिति देने वाले 632 नव नियुक्ति शिक्षकों को शुक्रवार को विद्यालय आवंटित कर दिए गए। बीएसए कार्यालय के निकट स्थित नार्मल स्कूल से उन्हें रिलीव करने के बाद विद्यालय आवंटन पत्र जारी हुआ।
69 हजार शिक्षक भर्ती के तहत जिले में द्वितीय चरण के तहत 681 पदों के लिए पांच दिसंबर 2020 को 629 शिक्षकों को नियुक्ति पत्र जारी किए गए थे। नियुक्ति के साथ ही सभी शिक्षक शिक्षिकाओं को बीएसए कार्यालय में सामूहिक रूप से ज्वाइन कराया गया था। बीएसए कार्यालय के निकट स्थित नॉर्मल स्कूल में वे अपनी उपस्थिति दर्ज करा रहे थे। शासन ने उन्हें विद्यालय आवंटन के निर्देश दिए। विद्यालय आवंटन के लिए 25, 27 और 28 जनवरी को उनकी काउंसिलिंग कराई गई।
काउंसिलिंग के बाद शुक्रवार को द्वितीय चरण के नव नियुक्ति 629 शिक्षक-शिक्षिकाओं को विद्यालय आवंटन कर दिया गया। प्रथम चरण के तीन शिक्षक-शिक्षिकाओं जिनके अभिलेखों के संबंध में शासन से जानकारी मांगी गई थी। अनुमति मिलने के बाद उन्हें भी शुक्रवार को विद्यालय आवंटित कर दिया गया। बीएसए के निर्देश पर इन्हें विद्यालय आवंटन के पत्र नरेश चंद्र पांडेय, अश्वनी यादव, प्रदीप चौहान, दीपक शाक्य आदि ने वितरित किए।