पूर्व माध्यमिक विद्यालय सिकरवार में कार्यरत शिक्षिका को सम्मानित करते एबीआरसी व अन्य।
- फोटो : MAINPURI
मैनपुरी। विकास खंड घिरोर के पूर्व माध्यमिक विद्यालय सिकरवार पर कार्यरत शिक्षिका रेनू गुलपारिया ने जिले का नाम रोशन किया है। शिक्षिका को उत्तर प्रदेश हिंदी संस्थान लखनऊ ने उत्कृष्ट निबंध लेखन पर पुरस्कृत किया है। बुधवार को शिक्षिका की इस सफलता पर अधिकारियों ने सम्मानित किया।
हिंदी केंद्रीय संस्थान द्वारा पूरे उत्तर प्रदेश के शिक्षक व छात्र छात्राओं से निबंध मांगे गए थे। प्राप्त निबंध में से हिंदी केंद्रीय संस्थान ने मात्र पांच सर्वश्रेष्ठ निबंधों का चुनाव कर प्रतिभागियों को लखनऊ बुला कर सम्मानित किया गया। यशपाल सभागार हिंदी भवन लखनऊ में रेनू को वर्तमान परिप्रेक्ष्य में महात्मा गांधी की प्रासंगिकता विषय पर निबंध लिखने के कारण प्रदान किया गया।
रेनू गुलपरिया इंचार्ज प्रधानाध्यापिका पूर्व माध्यमिक विद्यालय नगला सिकरवार ने जिले और मंडल के साथ साथ पूरे बेसिक शिक्षा विभाग का नाम रोशन किया है। बीएसए विजय प्रताप सिंह एवं खंड शिक्षा अधिकारी सुमित कुमार वर्मा ने शिक्षिका के लिए बधाई पत्र भेजा जबकि एबीआरसी वेदराम व संकुल प्रभारी राजेश यादव ने उन्हें विद्यालय पर जाकर प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर दीपक वर्मा, महेंद्र प्रताप सिंह, दिलीप कुमार, देवेश राजपूत, मोनिका सिंह आदि मौजूद रहे।