गुरुवार को शुरू हुआ आयकर छापा शुक्रवार को कोचिंग संस्थान पर तो समाप्त हो गया, लेकिन जूता निर्यातक पर यह जारी है। शनिवार सुबह तक आयकर कार्रवाई चलने के आसार हैं। आयकर अधिकारियों ने आयकर छापे में कैश सीज किया है, वहीं जूता निर्यातक के 12 ठिकानों से एकत्रित किए गए कागजातों की पड़ताल देर रात तक चलती रही। जूता निर्यातक गुप्ता ओवरसीज के अघोषित आय सरेंडर न करने के कारण कार्रवाई लगातार दूसरे दिन भी देर रात तक जारी रही, वहीं कोचिंग संस्थान पर दोपहर तीन बजे ही कार्रवाई समाप्त कर दी गई।
गुरुवार सुबह 8:30 बजे आयकर विभाग की इन्वेस्टिगेशन विंग ने शहर में दो संस्थानों के 16 ठिकानों पर छापा मारा था। यह लगातार दूसरा मौका है जब जूता निर्यातक पर 48 घंटे से ज्यादा आयकर कार्रवाई चली हो। इससे पहले विरोला इंटरनेशनल पर भी सर्च देर तक चली थी। आयकर अधिकारी रकम सरेंडर करने के लिए उद्यमी पर दबाव बनाते रहे, लेकिन रात तक बात नहीं बन सकी।
कोचिंग इंस्टीट्यूटों पर आयकर की नजर
शहर में कोचिंग इंस्टीट्यूट की भरमार है, लेकिन आयकर विभाग को कोचिंग सेंटरों से रिटर्न तक नहीं मिल पा रहे। गुरुवार को बाईपास रोड के बलूनी ग्रुप पर मारे गए आयकर छापे के बाद आयकर विभाग ने शहर के कोचिंग इंस्टीट्यूटों की पूरी लिस्ट तैयार कर ली है। यह इंस्टीट्यूट बेहद कम टैक्स भर रहे हैं, जबकि छात्रों के रजिस्ट्रेशन कहीं ज्यादा हैं। कई सेंटर ऐसे हैं, जो नाममात्र का ही आयकर दे रहे हैं। विभाग ने ऐसे इंस्टीट्यूट की फीस और छात्रों की संख्या अपने स्तर पर पता करा ली है। 30 सितंबर से पहले ऐसे कई संस्थानों पर बड़ी आयकर कार्रवाई नजर आ सकती है।