कासगंज। थाना सिकंदरपुर वैश्य क्षेत्र में कुछ लोगों ने एक टेंपो चालक की पिटाई कर दी। टेंपो चालक का आरोप है कि वह जगह न मिलने पर बाइक सवार युवकों को साइड नहीं दे सका। इसके चलते बाइक सवारों ने उसकी पर पिटाई लगा दी। साथ ही जातिसूचक शब्द भी कहे। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
सुन्नगढ़ी क्षेत्र के गांव वस्तोली ब्रहमपुर निवासी राहुल कुमार ने बताया कि वह 18 दिसंबर को अपने टेंपो से किराने का सामान लेकर इंदाजसनपुर जा रहा था। शाम को करीब चार बजे जैसे ही वह गांव में घुसा, तभी पीछे से बाइक सवार तीन युवक आ गए। वह जगह न होने के कारण बाइक को साइड नहीं दे पाए।
राहुल का आरोप है कि इसके चलते शिवाजी, पंकज एवं हरिओम पुत्र झुन्नी निवासी गांव इंदाजसनपुर ने टेंपो के आगे बाइक लगा दी और उसे गालियां देने लगे। आरोप है कि जब उसने विरोध किया तो तीनों भाइयों ने उसके साथ जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए लाठी-डंडा व बेल्ट आदि से पिटाई लगाई। इससे उसका सिर फूट गया, कपड़े फट गए। साथ ही उसकी जेब में रखे 20 हजार रुपये भी गिर गए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।