मैनपुरी। बृहस्पतिवार को जांच में छह मीटरों में छेड़छाड़ की पुष्टि हुई है। इन उपभोक्ताओं पर जुर्माना लगाने के आदेश दिए गए हैं। संदिग्ध मीटर रीडरों की भी जांच की जाएगी।
अधिशासी अभियंता (प्रथम) मागेंद्र कुमार अग्रवाल के निर्देशन में मीटर चेकिंग के लिए अभियान चलाया जा रहा है। बृहस्पतिवार को एसडीओ पदम गर्ग और मुन्नीलाल गुप्ता ने डोर टू डोर लगभग दो सौ कनेक्शन चेक किए। इनमें छह मीटर संदिग्ध प्रतीत होने पर उन्हें सील कर जांच के लिए मीटर प्रयोगशाला भेजा गया। जांच में साबित हुआ कि इनमें छेड़छाड़ की गई थी। ये मीटर आश्रम रोड स्थित रंजना अवस्थी, गाड़ीवान स्थित वीरेंद्र कुमार, पुरोहिताना स्थित नीतू, कंस का मैदान स्थित निर्मल गुप्ता, राजीव गांधी नगर स्थित नीलम चौहान और नगला दौलत निवासी मुन्नी देवी के आवास से उतारे गए थे।
21 घरों में पकड़ी बिजली चोरी
विद्युत निगम की टीमों ने 21 घरों में बिजली चोरी पकड़ी। अवर अभियंता आलीपुर खेड़ा देवेंद्र सिंह ने छह घरों में, अवर अभियंता भोगांव वहीद अहमद ने भोगांव में आठ घरों में, अवर अभियंता हन्नूखेड़ा अवधराम ने तीन घरों में, अवर अभियंता बरनाहल रविशंकर ने चार घरों में बिजली चोरी शामिल हैं।