आगरा में जीवनी मंडी वाटरवर्क्स से जुड़े ताजगंज, नौलक्खा, रकाबगंज, एमईएस, छावनी, बुंदू कटरा, मधु नगर, नामनेर, ईदगाह और प्रतापपुरा क्षेत्र के पांच लाख से ज्यादा लोग 19 अक्तूबर को सुबह सप्लाई के दौरान पानी भरकर रख लें।
19 तारीख की सुबह 10 बजे से जल निगम की गंगाजल इकाई 20 घंटे का शटडाउन ले रही है, जिससे 19 तारीख की शाम को और 20 तारीख की सुबह आधे शहर के लोगों को पानी नहीं मिल पाएगा। नौलक्खा पंपिंग स्टेशन के भूमिगत जलाशय में एमईएस फीडर, मेन लाइन पर आउटलेट पाइप के कनेक्शन के लिए 20 घंटे तक काम चलेगा।
जल निगम की गंगाजल इकाई के प्रोजेक्ट मैनेजर आरके गुप्ता ने बताया कि आगरा जलापूर्ति योजना के तहत नौलक्खा में 2600 किलो लीटर क्षमता का भूमिगत जलाशय बनाया गया है। जीवनी मंडी वाटरवर्क्स से आ रही मेन राइजिंग लाइन का आउटलेट पाइप कनेक्शन इस जलाशय के साथ किया जाना है, जिसमें 20 घंटे का समय लग जाएगा।
20 घंटे तक रहेगा शटडाउन
इसलिए 19 अक्टूबर की सुबह 10 बजे से सप्लाई बंद कर काम शुरू किया जाएगा। 20 घंटे के शटडाउन के कारण जीवनी मंडी वाटरवर्क्स से जुड़े ताजगंज, नौलक्खा, रकाबगंज, एमईएस, छावनी, बुंदू कटरा, मधु नगर, नामनेर, ईदगाह और प्रतापपुरा क्षेत्र की जलापूर्ति बाधित रहेगी।
इसलिए लोगों से अपील की गई है कि इस क्षेत्र के लोग पहले ही पानी भरकर रख लें ताकि उन्हें किल्लत का सामना ना करना पड़े। बीते सप्ताह नौलक्खा पंपिंग स्टेशन से जुड़ी लाइन पर आउटलेट कनेक्शन किया गया था। अब मेन राइजिंग और एमईएस फीडर को जोड़ा जाएगा।