पत्नी निकेमा रिवलिन के साथ ताज देखेंगे इजरायल के राष्ट्रपति रूवेन रिवलिन, सुबह 9:40 से 12:30 बजे तक बंद रहेगा ताज
अगर आज दोपहर में ताजमहल देखने का कार्यक्रम तय कर रहे हों तो अपने प्रोग्राम में जरा बदलाव कर लीजिए, क्योंकि ताजमहल बुधवार सुबह 9:40 से 12:30 बजे तक आम पर्यटकों के लिए बंद रहेगा। इजरायल के राष्ट्रपति रूवेन रिवलिन अपनी पत्नी निकेमा रिवलिन के साथ मुहब्बत की निशानी ताजमहल का दीदार करेंगे। उनकी विजिट के कारण ताजमहल की तीनों बुकिंग विंडो तीन घंटे के लिए बंद रहेंगी।
इजरायल के राष्ट्रपति रूवेन रिवलिन बुधवार को आगरा में होंगे। अपने स्पेशल चार्टर से खेरिया एयरपोर्ट पर उतरने के बाद इजरायली राष्ट्रपति सुबह 11 बजे ताजमहल पहुंचेंगे। पत्नी निकेमा रिवलिन के साथ आ रहे इजरायली राष्ट्रपति की विजिट के लिए ताजमहल को तीन घंटे आम पर्यटकों के लिए बंद रखा जाएगा। एएसआई अधीक्षण पुरातत्वविद डा. भुवन विक्रम ने बताया कि सुबह 9:40 से ताजमहल के तीनों गेटों पर मौजूद बुकिंग विंडो बंद हो जाएंगी। विजिट 12:30 बजे तक चलेगी, तब तक ताज में आम सैलानी नहीं जा पाएंगे।
टूर आपरेटरों और गाइडों ने भी सैलानियों को सलाह दी है कि ऐसे में ताजमहल के दीदार के लिए सुबह 9:30 से दोपहर तक न जाएं। इसकी जगह आगरा किला या फतेहपुर सीकरी या अन्य स्मारकों की विजिट की जा सकती है।