टर्न स्टाइल गेट का निरीक्षण करते अधिकारी
- फोटो : अमर उजाला
सोमवार से ताजमहल में मेट्रो ट्रेन की तर्ज पर टर्न स्टाइल गेट से होकर प्रवेश दिया जाएगा। बुधवार को अधीक्षण पुरातत्वविद ने ताजमहल के पूर्वी गेट पर रेवती के बाड़े और पश्चिमी गेट पर बने सेंटर का निरीक्षण किया, जिसमें कुछ कमियां पाई गईं।
सर्वर से दोनों गेटों को जोड़ने में आई दिक्कत और बच्चों के प्रवेश के लिए टोकन न होने के कारण शनिवार की जगह सोमवार से प्रवेश की नई व्यवस्था लागू की जाएगी।
बुधवार दोपहर बाद अधीक्षण पुरातत्वविद वसंत कुमार स्वर्णकार ताजमहल में नई व्यवस्था देखने पहुंचे। वरिष्ठ संरक्षण सहायक अमरनाथ गुप्ता और संरक्षण सहायक अंकित नामदेव ने रेवती के बाड़े और सहेली बुर्ज में बनाए गए सिक्योरिटी सेंटर को दिखाया।
यहां सात टर्न स्टाइल गेट से प्रवेश होगा, जिसके लिए फिलहाल तीन रंगों के मेग्नेटिक टोकन ही आए हैं। भारतीय, विदेशी और सार्क पर्यटकों के लिए यह टोकन हैं, जबकि बच्चों के लिए अलग रंग का टोकन आना बाकी है।