ताजमहल देखने आ रहे हैं तो ये खबर आपके लिए है। ताजमहल 10 जनवरी को ढाई घंटे के लिए बंद रहेगा। ऐसे में किसी भी आम पर्यटक को स्मारक में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
ताजमहल 10 फरवरी को आम पर्यटकों के लिए ढाई घंटे बंद रहेगा। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के अनुसार वीवीआईवी भ्रमण के दाैरान सुरक्षा प्रोटोकाॅल बनाए रखने के लिए ये निर्णय लिया गया है। जानकारी के अनुसार सेशेल्स गणराज्य के राष्ट्रपति डॉ. पैट्रिक हर्मिनी और प्रथम महिला वेरोनिक हर्मिनी सुबह करीब साढ़े नाै बजे ताजमहल भ्रमण के लिए पहुंचेंगे।
विज्ञापन
उनके भ्रमण कार्यक्रम को देखते हुए सुबह नाै बजे से 11:30 बजे तक मुख्य स्मारक आम पर्यटकों के लिए बंद रहेगा। हालांकि स्मारक बंदी का समय वीवीआईपी भ्रमण की स्थिति के अनुसार बढ़ाया भी जा सकता है। भ्रमण को देखते हुए एएसआई ने फैसला किया है कि स्मारक बंद होने के निर्धारित समय से दो घंटे पहले ही बुकिंग ऑफिस बंद कर दिए जाएंगे।
इसके साथ ही एएसआई की ओर से आसपास के होटलों और पर्यटन विभाग को सूचित कर दिया गया है ताकि पर्यटकों को जानकारी दे दी जाए, जिससे वह असुविधा से बच सकें। उधर, वीवीआईपी भ्रमण को देखते हुए सीआईएसएफ और स्थानीय पुलिस भी सुरक्षा कर्मियों की संख्या बढ़ाने की तैयारी कर रही है।