मथुरा के फरह में बुधवार की सुबह को निजामुद्दीन से झांसी जा रही ताज एक्सप्रेस के पहिए से तेज चिंगारी निकलने के बाद पहिए के आसपास की वायरिंग में आग लग गई। ट्रेन में अफरातफरी मच गई। ट्रेन को फरह के निकट रोका गया। रेलवे इंजीनियरों ने ट्रेन के पहिए को ठीक करके रवाना किया।
बुधवार सुबह 9.30 बजे ताज एक्सप्रेस के एस 12 कोच के पहिए से तेज चिंगारी निकलने लगी और धुएं के साथ आग लग गई। चिंगारी और तेज आवाज पर यात्रियों में हड़कंप मच गया। इस पर कोच कंडक्टर ने चालक को इसकी सूचना दी। चालक ने फतिहा स्टेशन के निकट ट्रेन को रोक दिया।
सूचना पर स्टेशन मास्टर रेलवे इंजीनियरों और आग बुझाने के उपकरण लेकर पहुंच गए। आग बुझाकर इंजीनियरों की टीम ने 25 मिनट में पहिया व ब्रेक को सही कर दिया। इसके बाद गाड़ी को आगरा की ओर रवाना किया।
डीआरएम के पीआरओ डा. संचित त्यागी ने बताया कि ताज एक्सप्रेस के कोच में आग की सूचना मिली थी। वह ब्रेक जाम होने के चलते चिंगारी बन गई थी।फायर इंस्टीग्यूसर से आग बुझा दी गई। पानी डालकर पहिए को ठंडा किया गया। आगरा पहुंचने पर गाड़ी को चेक करने के बाद रवाना किया गया।