तेज हवा का खलल, 6 बैलून न भर पाए उड़ान
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
ताज बैलून फेस्टिवल के दूसरे दिन पीएसी मैदान से 15 में से केवल 9 हॉट एयर बैलून ही उड़ान भर पाए। तेज हवा ने दूसरे दिन भी खलल डाला, जिससे 6 बैलून उड़ान नहीं भर पाए। जो बैलून उड़े भी, उनमें से सभी को उतरने के दौरान तेज हवा के कारण दिक्कतें आईं। शनिवार को भी एक बैलून शमसाबाद तो एक फतेहाबाद के पैंतीखेड़ा गांव में उतरा। बैलून नंबर 5 की लैंडिंग में बास्केट पलटने से इसमें सवार महिला को चोट आई।
पीएसी मैदान में सुबह 6 बजे से बैलून की सवारी के लिए लोग पहुंचने लगे। यूपी टूरिज्म द्वारा निकाले गए ड्रा के 40 लोगों ने बैलून में उड़ान भरने का रोमांच महसूस किया। हालांकि सभी 15 हॉट एयर बैलून उड़ान नहीं भर पाए। केवल 9 बैलून ही सुबह उड़े। 6 बैलून तेज हवा के कारण उड़ान नहीं भर सके। इससे करीब 30 लोगों को मायूस लौटना पड़ा। शाम को पीएसी मैदान पर नाइटग्लो और टीथर्ड फ्लाइट का लुत्फ लेने के लिए लोग पहुंचे। खासकर युवतियों और बच्चों ने खूब सेल्फी ली।
-----
पोलैंड-मलयेशिया से आई महिला पायलट
आगरा। पीएसी मैदान से ताज बैलून फेस्टिवल में बैलून उड़ाने वाली दो महिला पायलट भी पहुंचीं। इनमें पोलैंड से बीटा चोम्मा और मलयेशिया से इजाटी खैरुद्दीन रोमांच के सफर पर यात्रियों को लेकर निकलीं। यूरोप और एशिया के कुछ देशों में बैलूनिंग को लेकर काफी क्रेज है। रोमांचक शौक को कई ने अपना प्रोफेशन भी बनाया है, जिनमें पोलैंड और मलयेशिया की दोनों महिला पायलट भी शामिल हैं। तेज हवा में दोनों ने बैलून की सेफ लैंडिंग कराई।
-----
कोई नया पुरा, कोई पैंतीखेड़ा पहुंच गया
आगरा। तेज हवा ने न केवल बैलून की दिशा भटका दी, बल्कि लैंडिंग में दिक्कतें भी बढ़ा दीं। बैलून नंबर 5 शनिवार सुबह नयापुरा निवासी मानसिंह के आलू के खेत में उतारना पड़ा। किसान ने बैलून में सवार लोगों को रोककर मुआवजे की मांग की, जिस पर पुलिस ने मामला सुलझाया। इस बैलून की बास्केट लैंडिंग के वक्त पलट गई, जिससे इसमें सवार महिला को चोट आई, वहीं इसमें सवार बच्चा सुरक्षित रहा। बैलून देखने के लिए बड़ी तादात में गांव के लोग खेत पर उमड़ आए। एक अन्य बैलून फतेहाबाद के गांव पैंतीखेड़ा में रेलवे लाइन के पास उतारा गया। इस बैलून को देखने के लिए आसपास के आधा दर्जन गांवों के लोग खेत पर पहुंच गए।