आगरा के सेक्टर-4 से किशोरपुरा तक सीवर लाइन बिछाने के बाद अब एक से 20 फरवरी के बीच खतैना से जगदीश सरन पब्लिक स्कूल के बीच गहरी सीवर लाइन बिछाने का काम किया जाएगा। ऐसे में लोहामंडी-बोदला रोड पर ट्रैफिक बंद करने के लिए 20 दिन का ब्लॉक लिया गया है। लोहामंडी से बोदला जाने वाले वाहनों के लिए जयपुर हाउस होकर ट्रैफिक डायवर्जन किया गया है। अमृत योजना के तहत सीवरेज नेटवर्क के लिए पाइप लाइन बिछाने के साथ मैनहोल बनाने का काम किया जाएगा।
सीवर लाइन के साथ-साथ यहां मैनहोल भी बनाए जाएंगे
जलनिगम की निर्माण इकाई द्वारा अमृत योजना के तहत आगरा सीवरेज वेस्टर्न जोन योजना में सीवर लाइन बिछाने का काम चल रहा है। इसी के तहत लोहामंडी-बोदला रोड पर खतैना से जगदीश सरन पब्लिक स्कूल तक करीब चार मीटर गहराई में सीवर लाइन बिछाने का काम किया जाएगा। सीवर लाइन के साथ-साथ यहां मैनहोल भी बनाए जाएंगे। एक फरवरी से 20 फरवरी तक यह काम चलेगा। लोहामंडी चौराहे से बोदला की ओर जाने वाले वाहनों को जयपुर हाउस होकर बोदला के लिए के जाने की व्यवस्था की गई।
ये भी पढ़ें- महिला कुश्ती प्रतियोगिता: ओलंपिक पदक विजेता साक्षी मलिक को हराने के बाद स्वर्ण पदक लेने 25 मिनट देर से पहुंची सोनम
ये है मार्ग परिवर्तन
लोहामंडी से बोदला जाने वाले जयपुर हाउस से होकर शाहगंज-बोदला रोड के जरिए बोदला पहुंचेंगे, वहीं खतैना, जगदीशपुरा, अंबेडकर बगीची के पास रहने वाले लोग गढ़ी भदौरिया रोड से निकल सकते हैं। पाइपलाइन के काम के लिए बैरिकेडिंग की जाएगी और एक लेन चालू रहेगी, जिसमें स्थानीय लोगों के दो पहिया वाहन निकल सकेंगे।
खतैना से जगदीश सरन पब्लिक स्कूल के बीच गहरी सीवर लाइन बिछाने के लिए 20 दिन का ब्लॉक लिया गया है। लोहामंडी से बोदला जाने वालों के लिए मार्ग परिवर्तन किया जा रहा है।
- यदुनाथ सिंह, प्रोजेक्ट मैनेजर, जल निगम