मैनपुरी। छेड़छाड़ के आरोपी की गोली मारकर हत्या की घटना के बाद पुलिस सतर्क रही। सोमवार देर रात श्याम पाल के शव का पोस्टमार्टम हुआ, इसके बाद शव परिजन को सौंप दिया गया। मंगलवार की सुबह पुलिस की मौजूदगी में अंतिम संस्कार किया गया।
सदर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी श्यामपाल उर्फ सौरभ को रविवार की देर रात गोली मार दी गई थी। मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी। श्याम पाल पर गांव की ही एक महिला के साथ छेड़छाड़ का मामला दर्ज था, उक्त मामले में वह वांछित चल रहा था। इसी को हत्या की वजह बताते हुए पत्नी की ओर से बिजेंद्र सिंह, सुदेश सिंह, दिनेश सिंह, बलराम सिंह, आशीष सिंह व दो अज्ञात के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज कराया है।
घटना के बाद किसी तरह की अराजकता न होने पाए, इसको लेकर एसपी कमलेश दीक्षित की ओर से चौकी इंचार्ज करहल गेट रवि कुमार को सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए थे। इसके चलते गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया था, देर रात श्याम पाल का शव पोस्टमार्टम के बाद परिजन को सौंप दिया गया, इस दौरान पुलिस भी मौजूद रही। रात भर पुलिस गांव में स्थिति पर नजर बनाए रही। चौकी इंचार्ज ने बताया कि मंगलवार सुबह शव का अंतिम संस्कार कराया गया, पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है, जल्द ही पुलिस सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर कार्रवाई करेगी।
चार आरोपी हिरासत में लिए गए
छेड़छाड़ की घटना के बाद पुलिस ने नामजद किए गए चार आरोपियों को हिरासत में लिया है। हालांकि अभी तक गिरफ्तारी को लेकर पुलिस की ओर से कोई औपचारिक जानकारी नहीं दी गई है। वहीं, पुलिस सभी तथ्यों पर गहराई से जांच कर रही है।