अपर पुलिस महानिदेशक सुरक्षा प्रशांत कुमार ने शुक्रवार को ताजमहल की सुरक्षा का जायजा लिया। इसकेबाद पुलिस प्रशासन के अधिकारियों के साथ सुरक्षा केसंबंध में मीटिंग की। उन्होंने कहा कि ताज महल पर कैमरों की निगरानी बढ़ाई जाए। सीसीटीवी की क्वालिटी और बेहतर की जाए ताकि दूर तक स्पष्ट नजर रखी जा सके।
सर्किट हाउस में मीटिंग के बाद मीडिया से रूबरू उन्होंने कहा कि लेटेस्ट टेक्नालॉजी के मार्डन कैमरे मंगाए जा रहे हैं। कंट्रोल रूम भी मार्डन बनाया जाएगा। सुरक्षा के बारे में उन्होंने बताया कि ताजमहल के आस पास पेट्रोलिंग साइकिल से ही जारी रहेगी। यहां मुहल्ले संकरे हैं। इनमें बाइक या कार से पेट्रोलिंग कराने पर समस्या होगी। साइकिल से पेट्रोलिंग पहले से हो रही है। इसे और बढ़ाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि साइकिल से पेट्रोलिंग में जो कमियां बताई गई हैं, उन्हें दूर किया जा रहा है। एक सवाल पर उन्होंने कहा कि ताजमहल के किसी भी गेट को बंद करने का फिलहाल कोई प्लान नहीं है। सुरक्षा प्राथमिकता पर है लेकिन ऐसा कोई कदम नहीं उठाया जाएगा जिससे पर्यटकों को परेशानी हो। उन्होंने कहा कि लपके और अवैध हॉकरों पर लगाम लगाने के लिए प्रयास किए जाएंगे। लोकल पुलिस इस दिशा में कदम उठा रही है। मीटिंग में आईजी डीसी मिश्र, कमिश्नर चंद्रकांत, डीआईजी अजय मोहन शर्मा, एसएसपी डा. प्रीतिंदर सिंह के अलावा पीएसी, रेलवे और एएसआई के अधिकारी भी मौजूद रहे।