फिरोजाबाद में शिकोहाबाद के मोहल्ला खेड़ा के एक युवक ने अपनी पत्नी पर धोखे में रखकर शादी करने का आरोप लगाया है। कहा, वह पहले से ही दो शादी कर चुकी है। मामला खुल जाने के बाद अब झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दे रही है। पीड़ित ने एसएसपी को प्रार्थनापत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है।
राजू शर्मा निवासी मोहल्ला खेड़ा ने बताया कि एक जनवरी को बिचौलिए ने एक लाख 20 हजार रुपये लेकर एक लड़की से शादी कराई थी। शादी के बाद वह घर चली गई। काफी बुलाने के बाद दो माह बाद वापस आई। इस बीच उसका व्यवहार उसके प्रति काफी खराब रहा। जब उसने संदेह होने पर पड़ताल की तो पता चला कि महिला ने उससे पूर्व अलीगढ़ निवासी एक युवक से शादी की थी। ये शादी 21 जून 2021 को हुई थी।
नहीं दिखाया मायका
पीड़ित द्वारी की गई पड़ताल में पता चला कि अलीगढ़ निवासी शख्स से भी युवती ने दो लाख रुपये लिए। एक अन्य व्यक्ति से भी शादी की है, जिससे उसके दो बच्चे भी हैं। राजू का आरोप है कि उसकी पत्नी ने आज तक अपने मायका नहीं दिखाया है।
संगठित गिरोह की सदस्य है पत्नी
पीड़ित का आरोप है कि उसकी पत्नी एक संगठित गिरोह की सदस्य है। जो भोले भाले व गैर शादीशुदा लोगों को फंसाकर उनसे रुपये ऐंठती है। उसने एसएसपी को दिए प्रार्थना पत्र में महिला पर जान से मारने की धमकी का भी आरोप लगाते हुए एसएसपी से न्याय की गुहार लगाई है।