ट्रेन में सवार श्रमिकों को बिस्किट देते कर्मचारी
- फोटो : अमर उजाला
फिरोजाबाद के टूंडला रेलवे स्टेशन पर श्रमिक स्पेशल ट्रेन में श्रमिकों को फेंक कर बिस्किट देने एवं अभद्र भाषा का प्रयोग करते रेलकर्मियों का वीडियो वायरल हुआ है। यह वीडियो रेल मंत्रालय तक पहुंच गया। इसके बाद मामले में रेल अधिकारियों ने सुपरवाइजर को सस्पेंड करते हुए अन्य कर्मचारियों के विरुद्ध जांच शुरू कर दी है।
कोरोना संकट के बीच चलाई जा रही श्रमिक स्पेशल ट्रेनों में श्रमिकों को बिस्किट, पानी व भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। रेल कर्मचारी एहतियात बरतते हुए श्रमिकों को खानपान की चीजें उपलब्ध करा रहे हैं, लेकिन टूंडला रेलवे स्टेशन का एक ऐसा वीडियो वायरल हुआ है, जिससे रेलवे में हड़कंप मच गया।
वीडियो में स्टेशन पर खड़ी श्रमिक स्पेशल ट्रेन में श्रमिकों को कुछ रेलकर्मियों बिस्किट फेंककर दे रहे हैं और अभद्र भाषा का प्रयोग कर रहे हैं। यह वीडियो रेलवे के एक व्हाट्सएप ग्रुप पर वायरल हुआ था। रेलवे के ग्रुप से यह वीडियो बाहर पहुंचा तो किसी ने उसे रेल उच्चाधिकारियों से लेकर रेल मंत्रालय तक ट्वीट कर दिया।