मैनपुरी के दन्नाहार क्षेत्र के गांव दरवाह में हुए विजय उर्फ करू की हत्या की सुपारी दाताराम ने मौसेरे भाई रामवीर को दी थी। पुलिस ने आरोपी व हत्याकांड में शामिल अन्य दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मंगलवार को एसपी ने प्रेसवार्ता कर हत्याकांड का खुलासा किया। बताया कि तय रुपये में आरोपियों को सिर्फ 10 हजार रुपए ही मिले थे।
थाना दन्नाहार क्षेत्र के गांव दरवाह निवासी 28 वर्षीय विजय उर्फ करू 11 मार्च की शाम चचेरे भाई रामवीर के साथ देखा गया था। अगले दिन उसका शव हाजीपुर मार्ग किनारे गेहूं के खेत में मिला था।
गले में बनियान का फंदा था वहीं सिर कुचलकर हत्या की गई थी। मंगलवार को पुलिस अधीक्षक अजय कुमार पांडेय ने हत्याकांड का खुलासा करते हुए बताया कि मौसेरे भाई दाताराम ने ही हत्या की साजिश रची थी।
इसकी वजह मृतक के परिवार की महिला के साथ दुष्कर्म के मामले में जेल जाना और समझौता के नाम पर दिए गए रुपये के बाद भी मृतक द्वारा अधिक रुपए की मांग किए जाने था। उसने रामवीर को एक लाख रुपए में हत्या करने की सुपारी दी थी। 10 हजार रुपए दे दिए गए थे।
वहीं बाकी रुपये बाद में दिए जाने की बात तय हुई थी। रामवीर ने अपने दो अन्य साथी संजू और सुभाष के साथ मिलकर हत्याकांड को अंजाम दिया था। पहले मृतक को शराब पिलाई, इसके बाद बनियान से गला घोंटा गया। बाद में आरोपियों ने सिर व चेहरे पर डंडा से प्रहार कर मौत के घाट उतार दिया। निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त डंडा बरामद कर लिया गया है।