टूंडला। बृहस्पतिवार सायं अचानक मौसम में परिवर्तन आ गया। तेज धूप के बाद आसमान में घने काले बादल छा गए और देखते ही देखते बादलों की तेज गड़गड़ाहट के साथ बारिश शुरू हो गई। झमाझम बारिश से तापमान में गिरावट आ गई। इससे मौसम बेहद सुहाना हो गया।
कोरोना संक्रमण के बीच तेज धूप व गर्मी ने लोगों का हाल-बेहाल किया हुआ था। मगर बृहस्पतिवार सायं मौसम में अचनाक बदलाव आ गया। अचानक आसमान में बादल छाए तो सूर्य की तपिश कम हो गई। मगर गर्मी से राहत नहीं मिली। सायं पांच बजे करीब अचानक आसमान में काले बादल छा गए। देखते ही देखते झमाझम बारिश शुरू हो गयी।
साइकिल, बाइकों से आते-जाते लोग बारिश से बचने के लिए इधर-उधर भागने लगे। करीब 10 मिनट तक लगातार झमाझम बारिश से सड़कों के आसपास व गड्डों में जलभराव हो गया। वहीं कुछ लोग बारिश में भीग गए। भीगने से लोगों को जुकाम, खांसी होने के साथ ही कोराना का डर सताने लगा है। वहीं सूख रहे पोधे बारिश होने से झूमते से नजर आए।