वृंदावन के मोहिनी नगर में युवक के आत्महत्या के बाद एकत्रित भीड़।
- फोटो : VRINDAVAN
वृंदावन (मथुरा)। परिक्रमा मार्ग स्थित मोहिनी नगर में रविवार को घर के कमरे में एक युवक पंखे से लटका मिला। गले में चादर का फंदा लगा हुआ था। वृंदावन पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव को पंखे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस युवक द्वारा आत्महत्या किया जाना बता रही है।
मूलत: कोसीकलां का रहने वाला दीपक शर्मा (24) पुत्र स्व. रामभरोसी वृंदावन परिक्रमा मार्ग में काफी सालों से रह रहा था। रविवार को पड़ोसियों ने बाइक घर के बाहर खड़ी देखी तो दीपक को आवाज लगाई। कोई जवाब नहीं मिला तो खिड़की से झांककर देखा। पंखे पर लटका देख पड़ोसियों के होश उड़ गए और सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव को पंखे से नीचे उतारा।
पड़ोसियों के अनुसार काफी दिनों पहले माता-पिता के निधन के बाद युवक अकेला ही रह रहा था। ठाकुर बांके बिहारी मंदिर में चंदन लगाने की नौकरी करने वाले युवक की बहन विवाहित है, जो कि इगलास में रहती है। उसे सूचना कर दी गई है। चौकी बांकेबिहारी प्रभारी विनोद भारद्वाज ने बताया कि प्रथमदृष्ट्या युवक ने आत्महत्या की है। आत्महत्या का कारण स्पष्ट नहीं है।