मैनपुरी। शहर की प्रजापति कॉलोनी निवासी एक युवक ने पत्नी के मायके चले जाने के बाद फांसी लगाकर जान दे दी। बृहस्पतिवार सुबह शव घर के बरामदे में दुपट्टा के सहारे पंखा के कुंडे से लटकता मिला। मौक पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। खुदकुशी के पीछे वजह को लेकर परिजन जानकारी नहीं दे सके।
कोतवाली क्षेत्र में आगरा रोड प्रजापति कॉलोनी निवासी 23 वर्षीय रजनीश प्रजापति दिल्ली में रह कर प्राइवेट नौकरी करता था। लॉकडाउन में वह घर आ गया था। बुधवार रात वह खाना खाने के बाद कमरे में सोने चला गया था। बृहस्पतिवार सुबह उसका शव बरामदे में लगे कुंडे में दुपट्टा के सहारे लटकता मिला।
युवक का शव देख घर में कोहराम मच गया। चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग भी जमा हो गए। इस बीच सूचना मिलने के बाद कोतवाली पुलिस भी पहुंच गई। मृतक के परिजनों ने बताया कि बुधवार को पत्नी मायके गई थी। रात को रजनीश ने फांसी लगाकर जान दे दी। युवक ने खुदकुशी क्यों कि इसको लेकर परिजन कोई वजह स्पष्ट नहीं कर सके। कोतवाली पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।