पीपराघाट रोड पर महिला की मौत के बाद घर का गेट तोड़ते परिजन व पुलिस
- फोटो : MAINPURI
मैनपुरी। सोमवार को शहर में दो अलग-अलग स्थानों पर एक सेवानिवृत्त बीडीओ और एक महिला ने फांसी लगाकर जान दे दी। घटनास्थल मोहल्ला बागवान और श्मशान घाट रोड पर हुई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
मोहल्ला बागवान निवासी 74 वर्षीय रामबहादुर ग्राम विकास अधिकारी के पद से सेवानिवृत्त हुए थे। वह बेटे के साथ घर में रह रहे थे। सोमवार की अपराह्न करीब 12 बजे जब बेटा कमरे में पिता को देखने गया तो राम बहादुर का शव फांसी पर लटका देखा। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। शव को फंदे से उतरवाने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा। खुदकुशी क्यों कि इसको लेकर परिजन कोई पुख्ता वजह नहीं बता सके।
पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई किए जाने की बात कह रही है। वहीं दूसरी घटना शहर के श्मशान घाट जाने वाले मार्ग पर स्थित नगर पालिका के कर्मचारी धर्मवीर के घर पर हुई। सोमवार की दोपहर करीब एक बजे कोतवाली पुलिस को सूचना मिली कि घर के कमरे में धर्मवीर की 26 वर्षीय पत्नी प्रियंका ने फांसी लगाकर जान दे दी है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रभारी चौकी इंचार्ज प्रवीण चौधरी, एसआई रवि कुमार ने स्थानीय लोगों की मदद से लोहे का दरवाजा तोड़ने के बाद शव को बाहर निकाला। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे हैं। पुलिस तहरीर आने के बाद आगे की कार्रवाई किए जाने की बात कह रही है।