बिछवां (मैनपुरी)। गांव रामनगर से 23 जून को लापता हुए एक वृद्ध का शव शनिवार की सुबह तेजपुरा माइनर के पास खेत में पेड़ पर लटका मिला। सूचना मिलने के बाद थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। शव कई दिन पुराना होने की वजह से उसमें से बदबू आ रही थी। पहचान होने के बाद पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
थाना क्षेत्र के गांव रामनगर निवासी 60 वर्षीय किसान करन सिंह अहमदाबाद में किसी सोसाइटी में गेटमैन की नौकरी कर रहे थे। जनवरी 2020 में वह घर वापस आ गए थे। तब से वह नौकरी पर वापस नहीं गए थे। 23 जून को अचानक वह घर से गायब हो गए। परिजनों ने उनकी काफी तलाश की लेकिन कोई पता नहीं लग सका। गायब होने के तीन दिन बाद थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई। इसके बाद भी कोई पता नहीं लग पा रहा था। शनिवार की सुबह कुछ ग्रामीण जब तेजपुर माइनर के पास मक्का की फसल काटने के लिए गए तो वहां लगे एक नीम के पेड़ से सड़ा गला शव लटकता देख होश उड़ गए। जानकारी मिलने के बाद वहां पहुंचे परिजनों ने करन सिंह के रूप में पहचान की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पेड़ से उतरवाने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा। करन सिंह के पुत्र रेकपाल का कहना है कि न तो किसी से दुश्मनी थी न ही कोई ऐसी वजह है जो कोई हत्या करेगा। पिता ने शायद खुदकुशी ही की है।