आगरा। डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के कन्हैयालाल माणिकलाल मुंशी हिंदी एवं भाषा विज्ञान विद्यापीठ में संचालित एमए फ्रेंच द्वितीय वर्ष के छात्रों को पढ़ाने के लिए अभी तक विषय विशेषज्ञ नहीं मिला है। गत शैक्षणिक सत्र में एमए फ्रेंच में 13 छात्रों ने प्रवेश लिया था। चालू सत्र में विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से विदेशी भाषा में कोई विशेषज्ञ नहीं दिया गया। इससे छात्र बीच में फंसे हुए हैं।
प्रभारी कुलपति ने एमए फ्रेंच द्वितीय वर्ष के छात्रों को पढ़ाने के लिए एक विषय विशेषज्ञ रखने की मौखिक सहमति दी है। अभी तक किसी की तैनाती नहीं हो पाई है। छात्र परेशान हैं। वह रोजाना संस्थान के निदेशक से संपर्क कर हैं। अक्तूबर से ही इनकी कक्षाएं लगनी थीं। जनवरी में इनकी सेमेस्टर परीक्षाएं होनी हैं। पाठ्यक्रम पूरा नहीं हो पाएगा। संस्थान के निदेशक प्रो. प्रदीप श्रीधर का कहना है कि विदेशी भाषा के बाकी कोर्स चालू सत्र में नहीं संचालित किए जाने हैं। एमए फ्रेंच द्वितीय वर्ष के छात्रों को पढ़ाने के लिए एक विषय विशेषज्ञ रखने की अनुमति के लिए पत्रावली भेज दी गई है।