आगरा। शहर के संवेदनशील इलाके और पुराने बाजार की पुलिस चाैकी सुभाष बाजार को अत्याधुनिक कैमरों से लैस किया गया है। हर रास्ते पर कैमरे लगाए गए हैं। एआई की मदद से कैमरे संचालित होंगे। इनमें संदिग्धों पर नजर रखी जाएगी। एक बार किसी कैमरे में चेहरा आने पर व्यक्ति की पहचान हो जाएगी। क्षेत्र के अपराधियों का डाटा फीड किया जाएगा। मंगलवार को चाैकी का पुलिस आयुक्त दीपक कुमार ने उद्घाटन किया।
सुभाष बाजार में भीड़ रहती है। व्यापारियों के साथ लोगों का आवागमन होता है। जामा मस्जिद के साथ ही मन: कामेश्वर मंदिर भी है। पिछले दिनों एक युवक ने सांप्रदायिक माहाैल खराब करने की कोशिश की थी। वह सीसीटीवी कैमरों से पकड़ा गया था। इस तरह की घटना दोबारा न हो, उसको देखते हुए सुभाष बाजार चाैकी को कैमरों से लैस किया गया है।
पुलिस आयुक्त ने बताया कि पूरे बाजार के रास्तों पर कैमरे लगाए गए हैं। यह सभी कैमरे मस्जिद और मन: कामेश्वर मंदिर के रास्ते पर लगाए गए हैं। बाजार में अक्सर जुलूस निकलते हैं। चाैकी पर एआई सक्षम कैमरे लगाए गए हैं। इसमें एक केंद्रीय नियंत्रण कक्ष बनाया गया है। जहां पर लाइव डेटा माॅनिटर किया जाएगा। इसके लिए पुलिस टीम निगरानी करेगी। त्रिनेत्र 2.0 और पहचान एप के डाटा का प्रयोग अपराधियों की पहचान के लिए किया जाएगा। एआई की मदद से फेसियल रिकग्निशन से खोए हुए, संदिग्ध और पूर्व में अपराध कर चुके लोगों की पहचान हो जाएगी। इन कैमरों विशेष सुविधा भी है।
भीड़ के बीच अगर कोई व्यक्ति संदिग्ध गतिविधि करेगा, भीड़ में अचानक बदलाव होगा तो अलर्ट आ जाएगा। इससे पुलिस तत्काल पहुंच जाएगी। यातायात व्यवस्था भी की जा सकेगी। इस अवसर पर श्री रामस्वरूप सिंघल गर्ल्स इंटर कालेज में कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया, जिसमें अपर पुलिस आयुक्त राम बदन सिंह सहित डीसीपी और एसीपी भी माैजूद रहे। इस अवसर पर क्षेत्र के सम्मानित नागरिकों को स्मृति चिह्न और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।