आगरा के विकास खंड सैंया के राजस्थान सीमावर्ती गांव मेंगलपुरा बत्तरा में अब जल्द ही स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण किया जाएगा। स्वास्थ्य केंद्र के लिए ग्रामीणों ने अपनी निजी जमीन शनिवार को खेरागढ़ तहसील के रजिस्ट्री कार्यालय में जाकर दान की है।
प्रधान प्रतिनिधि हरेंद्र जादौन ने बताया कि सैंया स्वास्थ्य केंद्र से गांव की दूरी करीब 18 किलोमीटर होने के कारण ग्रामीणों को इलाज के लिए बेहद परेशानी का सामना करना पड़ता था। ग्रामीण इसके लिए लंबे समय से प्रयासरत थे। मेंगलपुरा पंचायत के मजरा बत्तरा निवासी रामप्रसाद त्यागी, घूरेलाल,भीकम,महाप्रसाद,दिनेश,महेश ,रमेश त्यागी, फैलीराम त्यागी ने अपनी निजी भूमि में से स्वास्थ्य केंद्र के लिए करीब 3 बिस्वा जमीन दान दी है।
वहीं कुछ भूमि पंचायत द्वारा दी गई है। स्वास्थ्य केंद्र अधीक्षक सैयां डॉ. अतुल भारती ने बताया कि उप स्वास्थ्य केंद्र के लिए जमीन मिल गई है। जल्द ही शासन से बजट स्वीकृत कराया जाएगा, जिससे उप स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण जल्दी हो सके। उप स्वास्थ्य केंद्र बनने से आसपास के कई गांव के लोगों को नजदीक और समय पर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सकेगा। इस दौरान राम अवतार शर्मा, पुरषोत्तम, वाहिद खान एवं सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी हेमंत त्यागी का भी विशेष सहयोग रहा।