अंग्रेजी व्याकरण के कठिन सवालों से परीक्षार्थी हुए परेशान
- सीबीएसई 10वीं की परीक्षा में 59 परीक्षार्थी रहे अनुपस्थित
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। सीबीएसई परीक्षा के तहत जिले के नौ केंद्रों पर सोमवार को 10वीं अंग्रेजी की परीक्षा का आयोजन हुआ। अंग्रेजी व्याकरण के कठिन प्रश्नों के जवाब देने में परीक्षार्थियों को परेशान देखा गया। परीक्षा के दौरान पंजीकृत 3637 में से 59 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।
सिटी कोर्डिनेटर डॉ. राममोहन ने बताया कि सुदिती ग्लोबल एकेडमी, मैनपुरी में 467 में से 10, पैराडाइज पब्लिक स्कूल, मैनपुरी में 464 में से दो, सेंट मैरीज स्कूल मैनपुरी में 448 में से छह परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। डाॅ. किरन सौजिया सीनियर सकेंडरी एकेडमी में 478 में से 13, जेएस मेमोरियल पब्लिक स्कूल में 423 में से छह और लॉर्ड कृष्णा एजूकेशनल एकेडमी मैनपुरी में 377 में से एक परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। जवाहर नवोदय विद्यालय भोगांव में 233 में से आठ, सीआरबी पब्लिक स्कूल में 409 में से 11 और सेंट जीडी इंटरनेशनल स्कूल में 338 में से दो परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।
सुबह 9.15 बजे सभी परीक्षा केंद्रों पर सभी परीक्षार्थियों की सघन तलाशी ली गई। परीक्षा देकर बाहर निकले छात्र-छात्राओं ने बताया कि ग्रामर का भाग थोड़ा कठिन था। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर पांच सदस्यों का एक आंतरिक सचल दल और सीबीएसई द्वारा नियुक्त ऑब्जर्वर मौजूद रहा। परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में आयोजित हुई।