डॉ. भीमराव आंबेडकर विवि के परीक्षा परिणाम में गड़बड़ी के चलते छात्र वेबसाइट पर पास और मार्कशीट में फेल दिख रहे। इसे सुधरवाने के लिए वह विवि के चक्कर काटने को मजबूर हैं।
उत्तर प्रदेश के आगरा में डॉ. भीमराव आंबेडकर विवि के परीक्षा परिणाम में गड़बड़ियों का सिलसिला थम नहीं रहा है। रोजाना विवि परिसर में छात्र अंकतालिकाओं की गड़बड़ियां सुधारने के लिए चक्कर काटते नजर आ रहे हैं। विवि के वेबसाइट में पास दिखे छात्रों को फेल की अंकतालिका मिली है। बुधवार को ऐसे छात्र दोनों अंकतालिकाएं लेकर भटकते नजर आए।
विज्ञापन
अलीगढ़ निवासी छात्र अतुल काफी समय से विवि में चक्कर काट रहे हैं। बुधवार को विवि में वेबसाइट पर जारी किए गए परिणाम और अंकतालिका मिलने पर बदले रिजल्ट से वह परेशान थे। छात्र का कहना था कि उसने श्री वार्ष्णेय कॉलेज, अलीगढ़ से सत्र 2022-23 में बीएससी फाइनल की परीक्षा दी। परिणाम आने पर उसे सेकंड डिवीजन पास दिखाया गया, लेकिन जब विवि ने मार्कशीट जारी किया तो उसे फेल दिखा दिया। विवि में समस्या का समाधान नहीं हो रहा है।
इसी प्रकार आगरा कॉलेज की बीएससी फाइनल की छात्रा डॉली का परिणाम जब घोषित हुए तो उसके 1110 अंक वेबसाइट पर नजर आ रहे थे। अब मार्कशीट में उसे केवल 1069 अंक मिले हैं। छात्रा का कहना है कि उसे समझ नहीं आ रहा कि वह कौन से अंक को सही माने। अगर 1069 अंक थे तो वेबसाइट पर 1110 अंक क्यों नजर आ रहे थे।