रूबेला टीकाकरण के चलते हर रोज कहीं न कहीं से बच्चों की तबीयत बिगड़ने की खबरें आ रही हैं। फिरोजाबाद के टूंडला में भी मिजिल्स रूबेला टीकाकरण के बाद नौ बच्चों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। इन बच्चों को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पर भर्ती कराया गया। सूचना मिलने पर सीएमओ भी मौके पर पहुंच गए और स्थिति की जानकारी ली।
गुरुवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम सेंट जॉन्स एकेडमी मोहम्मदाबाद पहुंची। टीम ने बच्चों का रूबेला टीकाकरण किया। टीकाकरण होते ही बच्चों की तबीयत बिगड़ने लगी। बच्चों के पेट में दर्द शुरू हो गया। आनन-फानन में स्कूल प्रबंधन द्वारा बच्चों को टूंडला सीएचसी पर ले जाया गया।
सूचना पर सीएमओ डॉ. एसके दीक्षित भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने बच्चों से बीमारी के बारे में जानकारी ली। बच्चों को दवा और ड्रिप लगाई गई। इनमें से कक्षा आठ की छात्रा अर्चना यादव की तबीयत ज्यादा खराब होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। कुछ छात्राओं को उपचार के बाद घर भेज दिया गया। इस दौरान बच्चों के परिजन भी मौके पर पहुंच गए थे।